पिलखुवा। थाना पुलिस ने धौलाना पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट मामले में शातिर आरोपी वसीम की गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति कुर्क की है। पुलिस ने आरोपी की एक कार व दो बाइकों को जब्त किया है।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि चार जून 2022 को धौलाना के यूपीएसआईडीसी क्षेत्र में स्थित अवैध पटाखा फैक्टरी में भयंकर विस्फोट हुआ था। इसमें 17 मजूदरों की मौत हो गई थी। जबकि 16 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए थे। इस संबंध में जिला शाहजहांपुर के गांव भंडेरी निवासी जाबिर अली ने थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने आरोपी वसीम, फैक्टरी संचालक दिलशाद, नौशाद अली, शाहबाज उर्फ शाहबान व मोहम्मद शाहनवाज खान के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की।
इसी मामले में बुधवार को थाना प्रभारी निरीक्षक रघुराज सिंह व उनकी टीम ने शातिर आरोपी वसीम निवासी मोहल्ला कानून गोयान हापुड़ द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई एक कार व दो बाइकों को कुर्क किया। जिनकी कीमत लगभग 5.24 लाख बताई जा रही है।