पिलखुवा। नगर पालिका क्षेत्र में अब घर-घर से कूड़ा उठाने का जिम्मा निजी कंपनी को सौंप दिया गया है। नगर पालिका ने गुड-8 स्टाफिंग प्राइवेट लिमिटेड, फरीदाबाद नामक कंपनी को डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का कार्य दिया है। कंपनी हर घर, दुकान और ठेले से 50 रुपये मासिक शुल्क वसूलेगी, इसके बदले में रसीद देगी।
शहर में कूड़ा संकलन की स्थिति ठीक नहीं है और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। इस समस्या को देखते हुए नगर पालिका ने यह कार्य निजी कंपनी से कराने का निर्णय लिया है। इसके बाद यह व्यवस्था नगर के सभी वार्डों में एक साथ शुरू की जाएगी।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत यह कदम उठाया गया है ताकि शहर को साफ-सुथरा और कूड़ामुक्त बनाया जा सके। कंपनी द्वारा गीले और सूखे कूड़े का अलग-अलग संग्रह किया जाएगा।
ईओ ने बताया कि शुल्क नहीं देने वालों के विरुद्ध जुर्माना व अन्य कार्रवाई की जाएगी। कंपनी के कर्मचारी जल्द ही मोहल्लों में पहुंचकर घर-घर कूड़ा उठाने का कार्य शुरू करेंगे। नगर पालिका ने सभी पार्षदों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने वार्ड में इस व्यवस्था को सख्ती से लागू कराएं और जनता को जागरूक करें कि निर्धारित शुल्क समय पर जमा करें।
शहर की स्थिति एक नजर में -
कुल जनसंख्या : 1,38,000
पंजीकृत भवन : 24,000 से अधिक
प्रतिदिन लगने वाले ठेले : करीब तीन हजार से अधिक