संवाद न्यूज एजेंसी
पिलखुवा। नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत अर्जुन नगर निवासी एक छात्रा ने बुधवार दोपहर विद्यालय समय के दौरान प्रधानाचार्य पर मारपीट, बाल पकड़कर खींचने, गाली-गलौज और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा ने इस घटना से जुड़ी पूरी जानकारी कोतवाली में तहरीर देकर दर है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
छात्रा ने बताया कि छुट्टी के समय वह बाहर निकल रही थी, तभी प्रधानाचार्य ने पीछे से उसकी चोटी और बाल पकड़कर जोर से खींचा। छात्रा का कहना है कि प्रधानाचार्य ने उसके चेहरे पर थप्पड़ मारे और बदसलूकी की। छात्रा ने यह भी कहा कि उसके माफी मांगने के बाद भी मारपीट जारी रही और उसे थप्पड़ मारकर नाम काट दिया। तहरीर में छात्रा ने आरोप लगाया कि प्रधानाचार्य ने उसके परिवार को भी गालियां दीं और उसके पिता को जबरन कार्यालय से बाहर करवाया।
छात्रा का कहना है कि परिवार द्वारा कारण पूछने पर प्रधानाचार्य ने उसके चरित्र को लेकर भी अपमानजनक टिप्पणी की। इससे वह मानसिक रूप से बेहद आहत हुई। परिजन ने बताया कि ऐसी घटना से छात्रा का भविष्य प्रभावित हो सकता है, इसलिए उन्होंने सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि आरोप गंभीर हैं और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।