गढ़मुक्तेश्वर। मरम्मत कार्य के कारण बुधवार को नगर और कल्याणपुर बिजलीघर से जुड़े फीडरों की आपूर्ति छह घंटे बाधित रहेगी। निगम के अधिशासी अभियंता आदित्य भूषण भारती ने बताया कि शासन के निर्देश के अनुसार क्षेत्र के उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने का प्रयास लगातार जारी है। आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए उपकरणों और लाइन की मरम्मत कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को 33/11 केवी उपकेंद्र गढ़-द्वितीय पर 33 केवी कंट्रोल पैनल वायरिंग के अलावा यार्ड में 33 केवी ब्रेकर के मेंटेनेंस का कार्य कराया जाना प्रस्तावित है। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक कार्य कराया जाएगा। इस दौरान कर्मियों की सुरक्षा के मद्देनजर बिजली आपूर्ति बंद रखी जाएगी।