बिजली की लाइन में हुए फाल्ट को सही करते विद्युतकर्मी। संवाद
हापुड़। दिल्ली रोड पर अंबेडकर तिराहे के पास अंडरग्राउंड केबल में फाल्ट से अतरपुरा बिजलीघर शनिवार की रात में दस बजे से करीब पांच घंटे तक ठप रहा। इससे जुड़े दस हजार से अधिक घरों की बिजली किल्लत की समस्या बनी रही। रात में टीम ने अस्थाई तौर पर दूसरी लाइन से बिजलीघर को जोड़कर चालू कराया। आनंद विहार स्थित 220केवी बिजलीघर से अतरपुरा बिजलीघर को आपूर्ति मिलती है। रात करीब 9 बजे बिजलीघर की आपूर्ति गुल हो गई, पेट्रोलिंग कर फाल्ट ठीक किया गया लेकिन रात में करीब दस बजे फिर से पूरा बिजलीघर ठप हो गया। पेट्रोलिंग में भी सफलता नहीं मिल सकी, ऐसे में करीब पांच घंटे बाद दूसरी लाइन से जोड़कर बिजलीघर को चालू किया गया।
रविवार की सुबह फाल्ट लोकेटर मशीन बुलाई गई, जिससे पता चला कि अंबेडकर तिराहे के पास अंडरग्राउंड केबल में फाल्ट आया है। शाम तक फाल्ट को दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा था।
इन मोहल्लों की आपूर्ति हुई बाधित
शिवपुरी, नई शिवपुरी, त्यागीनगर, प्रेम पुरा, देवलोक कॉलोनी, फूटी लाइन, जेके कॉलोनी, शक्ति विहार, कृष्णा नगर, अतरपुरा, प्रेमपुरा, भगवतीगंज, पटेलनगर, रेलवे रोड, गोल मार्केट, मंडी पाटिया, छोटी मंडी, बड़ी मंडी आदि।
अंडरग्राउंड केबल में फाल्ट के कारण समस्या बनी थी। दूसरी लाइन से जोड़कर बिजलीघर को फिलहाल चालू करा दिया है। स्थायी समाधान कराया जा रहा है। - सचिन द्विवेदी, अधिशासी अभियंता