चुनाव के बाद से लगातार बिजली का शेड्यूल बिगड़ता जा रहा है। देहात अंचल में जबरदस्त बिजली की कटौती हो रही है। इससे फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है, साथ ही बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे छात्रों को भी पढ़ाई में बाधा उत्पन्न हो रही है।
विधानसभा चुनाव में प्रथम चरण के मतदान के समय तक जिले को बेहतर बिजली आपूर्ति मिली थी। चुनाव बाद अब बिजली का शेड्यूल गड़बड़ाने लगा है। आलम यह है कि देहात में किसानों को फसलों की सिंचाई कर पाना भी मुश्किल हो रहा है।
अधिकांश आपूर्ति रात में 10 बजे के बाद से मिल रही है, रात के समय खेतों पर जाना किसानों के लिए खतरे से खाली नहीं है। ऐसे में किसान परेशान हैं, इतना ही नहीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे अभ्यर्थियों को भी अंधेरे के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गांव वझीलपुर निवासी ज्ञानेंद्र त्यागी, धनौरा निवासी शिवकुमार त्यागी, चितौली निवासी नितिन बाना, सीतादेई निवासी चौधरी यशवीर सिंह ने बताया कि मतदान के बाद से बिजली व्यवस्था बेपटरी हो गई है। इससे उन्हें बेहद परेशानी हो रही है।
वहीं, अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने बताया कि कंट्रोल से जितनी आपूर्ति मिल पा रही है। देहात अंचल को दी जा रही है। शेड्यूल के अनुसार अच्छी आपूर्ति ग्रामीणों को मिल रही है।