बिजली की अंधाधुंध कटौती बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए सिर दर्द बन गई है। बीते दो दिन से शहर और देहात में बिजली की जमकर कटौती हो रही है। ऐसे में छात्रों को परीक्षा की तैयारी करना बेहद मुश्किल हो रहा है।
बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर निगम अफसरों ने बेहतर बिजली आपूर्ति देने का दावा किया था। लेकिन अफसरों का यह दावा हवाई साबित हो रहा है।
आलम यह है कि बीते दो दिन से शहर में शाम सात बजे बिजली की आपात कटौती का सिलसिला जारी हो जाता है। इसके बाद बिजली रात 10 बजे के बाद ही आती है।
बिजली गुल होने से स्टूडेंट्स बोर्ड एग्जाम की तैयारी सही से नहीं कर पा रहे हैं। देहात में तो स्थिति और भी खराब है। बिजली न होने से स्टूडेंट्स को दीये की रोशनी में पढ़ाई करनी पड़ रही है।
छात्र सुहेल खान का कहना है कि इन दिनों बोर्ड परीक्षा चल रही हैं। बिजली की अंधाधुंध कटौती से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। निगम अफसरों को इसकी चिंता नहीं है।