भीषण गर्मी में अंधाधुंध कटौती से लोगों का गुस्सा भड़कता जा रहा है। आए दिन दिन कहीं न कहीं बिजली को लेकर बवाल हो रहा है। इसके बाद भी विभाग के आला अफसर चुप्पी साधे हुए हैं।
गढ़मुक्तेश्वर के गांव सेहल में शुक्रवार को मात्र तीन घंटे बिजली मिलने से ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। आक्रोशित लोगों ने बहादुरगढ़ बिजलीघर का घेराव कर एसएसओ को बंधक बना लिया।
मामला बढ़ता देख एसओ ने विद्युत आपूर्ति में जल्द सुधार का आश्वासन दिया, तब ग्रामीण शांत हुए। उधर, हापुड़ में भी कटौती से लोग परेशान रहे। बिजली न आने से यहां के कई मोहल्लों में पानी का संकट गहराया रहा। इससे हैंडपंपों पर पानी भरने को लेकर मारामारी मची रही।
अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीण क्षेत्रों में हाहाकार मचा है। ग्रामीणों की माने तो कटौती के अलावा फाल्ट से कई-कई घंटे बिजली गुल रहती है। इससे इस भीषण गर्मी में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से पानी का संकट भी लोगों को रुला रहा है। तमाम बार हो हल्ला मचाने के बाद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे नाराज सेहल गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण शुक्रवार को ट्रैक्टर ट्रालियों में लदकर बहादुरगढ़ बिजलीघर पहुंचे और घेराव कर खूब हंगामा किया।
वहां मौजूद एसएसओ राजपाल सिंह को बंधक बना लिया। सूचना मिलते ही एसओ रूप किशोर शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिजली विभाग के बड़े अफसरों से वार्ता कर कटौती से राहत मिलने का भरोसा दिलाया।
तब कहीं जाकर ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द ही कटौती बंद न की गई तो बिजलीघर में ताला डालने को विवश होंगे। इस दौरान गांव के रामपाल, भूपेंद्र, अंकित, कुशल, विपिन, अनुज, पीतम, अमित, हरेंद्र,
किरन, रविशंकर, पृथी, वीरसिंह, बलबीर, सुखबीर, शिवम, रवि व सनी आदि मौजूद रहे। उधर, हापुड़ प्रतिनिधि के मुताबिक अघोषित बिजली कटौती ने लोगों के सामने पानी का संकट खड़ा कर दिया है।
स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शुक्रवार सुबह गई बिजली आपूर्ति से कई मोहल्ले में पानी का संकट खड़ा हो गया। ऐसे में हैंडपंपों पर पानी भरने के लिए भारी भीड़ उमड़ी।
शुक्रवार सुबह शहर की बिजली आपूर्ति गायब हो गई थी। परिणामस्वरूप भीषण गर्मी और बिजली आपूर्ति से लोगो को सबसे ज्यादा पेयजल की किल्लत से जूझना पड़ा। पानी घरों तक नहीं पहुंचने पर दिनचर्या अस्तव्यस्त रही।
बिजली नहीं आने से मोहल्ला आर्यनगर, पीरबहाउद्दीन, नई आबादी, भीमनगर, सुभाष नगर, सराय बसारत अली, सराय चांद खां, जवाहर गंज आदि मोहल्ले में पानी की किल्लत हो गई थी।
पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे बिजली आने पर लोगों को पानी सप्लाई मिलने पर उन्होंने राहत की सांस ली। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एसके मिश्रा का कहना है कि बिजली जाने पर कुछ नलकूपों पर जनरेटर की व्यवस्था करा दी गई है। कुछ नलकूपों पर जल्द ही जनरेटर लगवाकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।