सिंभावली से आ रही विद्युत लाइन में फाल्ट होने से गढ़-ब्रजघाट की बिजली 12 घंटे तक गुल रही। इससे सीबीएसई और यूपी बोर्ड के परीक्षार्थियों को पेपर की तैयारी करने में परेशानी झेलनी पड़ी।
सिंभावली के बड़े बिजलीघर से गढ़ के नए बिजलीघर को आ रही 33 हजार वोल्टेज वाली लाइन में शुक्रवार रात फाल्ट हो गया। इससे रात दो बजे गढ़, चौपला और ब्रजघाट की बिजली गुल हो गई। सूचना पर जेई महेश चंद्र शर्मा पेट्रोलिंग टीम के साथ फाल्ट की खोजबीन में जुट गए। घंटों की मशक्कत के बाद भी रात बीत गई और फाल्ट का पता नहीं चल सका।
टीम ने शनिवार सुबह फाल्ट तलाशकर सही कर दिया। दोपहर करीब एक बजे बिजली चालू हो सकी। बिजली गुल होने से जहां बोर्ड परीक्षार्थियों की तैयारी प्रभावित हुई, वहीं सुबह लोगों को पानी के लिए तरसना पड़ा।