हापुड़। ऊर्जा निगम की टीमों ने मॉर्निंग रेड कर पांच घरों में करीब 19 लाख की बिजली चोरी पकड़ी। इन घरों में कटिया डालकर एसी और कूलर चलाए जा रहे थे। साथ ही मीटर बाईपास कर भी बिजली की चोरी हो रही थी। इस मामले में एंटी पावर थेफ्ट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
अधीक्षण अभियंता एसके अग्रवाल ने बताया कि पिलखुवा के आर्यनगर में एक उपभोक्ता ने मीटर से अलग एक तार पड़ोसी की छत से दूसरी लाइन में जोड़ा हुआ था। इसी मोहल्ले में एक उपभोक्ता के घर में करीब चार किलोवाट की बिजली चोरी पकड़ी गई।
टीम ने यहां से थोड़ी दूर शक होने पर एक घर का दरवाजा खटखटाया, लेकिन घर में मौजूद लोगों ने टीम को जांच नहीं करने दी, बल्कि अभद्रता शुरू कर दी। टीम के सदस्यों ने दूसरे मकान से छत पर जाकर देखा तो करीब छह किलोवाट की चोरी मिली।
उन्होंने बताया कि इसी मोहल्ले में एक अन्य घर में कटिया डालकर बिजली चोरी पकड़ी गई। लोड की जांच की गई तो करीब 3.5 किलोवाट ज्यादा मिला। वहीं, अन्य परिसर में मीटर बाईपास कर साढ़े तीन किलोवाट की बिजली चोरी पकड़ी गई। इन घरों में एसी और कूलर भी बिजली की चोरी से चलाए जा रहे थे। पांचों स्थानों पर लगभग 19 लाख की चोरी पकड़ी गई, जल्द ही जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। इन सभी के खिलाफ एंटी पावर थेफ्ट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। टीम में अवर अभियंता अतुल आनंद, लाइनमैन जोनी, सुनील कुमार, आकाश आदि रहे।