पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला निवासी शिक्षिका ने पुलिसकर्मी पर थप्पड़ मारने और थाने में घंटो बैठाए रखने का आरोप लगाते हुए एसपी से शिकायत की है। वहीं एएसपी इस मामले में जांच कर रहे हैं।
स्थानीय मोहल्ला लुहारन निवासी प्रतिभा ने बताया कि वह नगर स्थित इंटर कॉलेज में शिक्षिका है। गत 18 जुलाई की शाम उसके भाई गोलू को एक स्कूटी चालक ने टक्कर मार दी थी। जिसमें गोलू गम्भीर रूप से घायल हो गया। जिसकी रिपोर्ट दर्ज करने के लिए उसने थाने में तहरीर दी थी। गत 21 जुलाई को शिक्षिका थाने से एफआईआर लेने गई, वहां पर उसे पता चला की अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। शिक्षिका ने इस बाबत एसएचओ से वार्ता की। आरोप है कि वार्ता के दौरान शिक्षिका द्वारा वीडियो बनाने से कोतवाल आग-बबूला हो गए। आरोप है कि पीड़िता का मोबाइल फोन छीनकर वहां खड़े पुलिसकर्मी ने महिला को थप्पड़ जड़ दिया। इतना ही नहीं उसे करीब एक घंटे तक बैठाए रखा। उसके बाद मोबाइल से वीडियो हटाकर उसे छोड़ा गया। शिक्षिका का कहना है कि शिकायत करने पर उसे फर्जी मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी गई है। एएसपी मुकेश चंद मिश्र ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है, जांचोपरांत पुलिस अधीक्षक को रिपोर्ट दी जाएगी। तथ्यों के आधार पर एसपी स्तर से ही कार्रवाई की जाएगी।