हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के बुलंदशहर रोड स्थित मोहल्ला आवास विकास कॉलोनी निवासी अमजद की हैदराबाद की मांस फैक्टरी में संदिग्ध मौत हो गई थी। परिजनों की मांग पर पुलिस ने इसका राज खोलने के लिए बृहस्पतिवार को कब्र खोदकर युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गोदाम स्वामी के आर्थिक सहयोग न करने पर मृतक के परिजनों ने डीएम अभिषेक पांडेय से शिकायत कर हत्या का आरोप लगाया था।
नगर के बुलंदशहर रोड स्थित आवास विकास कॉलोनी निवासी गालिब खां ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि पिछले करीब 10 वर्षों से उनका भाई अमजद बुलंदशहर रोड निवासी स्थित ठेकेदार के यहां नौकरी करता आ रहा था। देशभर में आरोपी का पत औझड़ी का बड़ा कारोबार है। उनका भाई आरोपी के हैदराबाद स्थित गोदाम में चैकर का काम कर रहा था। 28 नवंबर को ट्रक गोदाम में उतरा था। उनके भाई ने ट्रक में चोरी का माल होने की बात अपने मालिक को बताई थी।
आरोप है कि इस बात से गुस्साए गोदाम स्वामी और उसके दो साथियों ने लाठी-डंडों से उनके भाई को जमकर पीटा था। अमजद को मरणासन्न अवस्था में लेकर हापुड़ पहुंचे थे। आरोपियों ने उन्हें बताया कि उन्होंने अमजद को अस्पताल में भर्ती कराया था। गुमराह करने लिए आरोपियों ने उन्हें फर्जी कागजात भी दिखाए थे, जबकि उनके भाई के शरीर पर चोट के निशान भी थे। इसके बाद आरोपियों ने बताया कि अमजद का किसी से झगड़ा हो गया था। इस कारण उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। आरोपियों ने उन्हें उनके भाई की तनख्वाह वौ्र आर्थिक मदद करने का आश्वासन भी दिया।
ऐसा न करने पर उन्होंने आरोपियों से मदद करने की बात कही। इस पर आरोपियों ने गाली गलौज कर उनके भाई अमजद पर चोरी करने का आरोप लगाया था। डीएम के आदेश पर एसडीएम ईला प्रकाश, सीओ वरुण मिश्रा, कोतवाल देवेंद्र सिंह बिष्ट व अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में बृहस्पतिवार को शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज गया। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि मौत का सही कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।