गढ़मुक्तेश्वर। घरेलू विवाद में पत्नी और सास पर चाकू और कुल्हाड़ी से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया है। वहीं, अस्पताल में दोनों घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
गढ़ क्षेत्र के गांव अल्लाबख्शपुर में सोमवार को जनपद मेरठ के थाना किठौर के गांव बड्ढा निवासी अब्दुल ने अपनी पत्नी कौसर जहां पर चाकू और उसकी मां मुसरेकीन पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया था। कौसर जहां के ताऊ ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है, इसमें उल्लेख किया है कि उसके भाई जान मोहम्मद की काफी दिन पहले मृत्यु हो गई थी। उनकी बेटी कौसर जहां की शादी अब्दुल के साथ हुई थी। जो अपने परिवार के साथ गांव अल्लाबख्शपुर में रहती आ रही है। कौसर पर पति अब्दुल ने जान से मारने की नीयत से चाकू से वार करने के बाद आंगन में बैठी उसकी मां पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। बुंदू ने बताया कि हमले में घायल हुई भतीजी कौसर जहां और उसकी मां की हालत गंभीर बनी हुई है। सीओ वरुण मिश्रा का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करते हुए अब्दुल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।