संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी किशोरी रविवार दोपहर दादरी अंडरपास पर आत्महत्या करने पहुंच गई। राहगीर की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किशोरी को सकुशल बचाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
दिल्ली रोड स्थित एक मोहल्ले में पिछले काफी समय से पिलखुवा के एक गांव निवासी किशोरी अपनी मौसी के यहां रह रही है। रविवार की दोपहर लगभग एक बजे किशोरी गांव दादरी अंडरपास पर आत्महत्या करने पहुंची थी। इस दौरान अंडरपास से गुजर रहे एक राहगीर ने इसकी सूचना डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को दी थी। सूचना पर साईलो प्रथम चौकी प्रभारी आशीष रस्तोगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किशोरी को सकुशल बचा लिया।
गनीमत रही कि राहगीर की सूचना देने तक यहां कोई ट्रेन नहीं आई थी। पुलिस किशोरी को अपने साथ चौकी ले गई थी। पुलिस ने किशोरी से उनके परिजनों की जानकारी कर उन्हें चौकी पर बुलाया था। इसके बाद किशोरी को उनके सुपुर्द कर दिया था। इस पर परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया था।