पुलिस द्वारा पकड़े गए फैक्टरी में लूट करने वाले आरोपी। संवाद
हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के जरौठी रोड स्थित स्क्रैप फैक्टरी में हुई 20 लाख रुपये के तांबे की डकैती का पुलिस ने सात घंटे में खुलासा कर दिया। मास्टरमाइंड समेत नौ आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने शत प्रतिशत माल के साथ-साथ दो ई-रिक्शा, 28 हजार रुपये की नगदी, तीन मोबाइल की बरामदगी का दावा किया है। फैक्टरी के कर्मचारी ने ही साथियों के साथ घटना को अंजाम दिया था।
एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि एएसपी विनीत भटनागर व सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार व उनकी टीम को डकैती का खुलासा करने के लिए निर्देश दिए थे। घटना का मास्टरमाइंड प्रभाकर निवासी मोहल्ला जसरुपनगर आठ माह पहले बराबर वाली फैक्टरी में काम कर चुका है। पिछले एक सप्ताह से प्रभाकर इसी फैक्टरी में काम कर रहा था। आरोपी ने अभिषेक निवासी आदर्शनगर कॉलोनी दस्तोई रोड से मिलकर तीन दिन फैक्टरी की रेकी की थी। इसके बाद दोनों आरोपियों ने आरोपी अमित निवासी आदर्शनगर कॉलोनी दस्तोई रोड के साथ मिलकर डकैती की योजना बनाई। डकैती करवाने में कुछ और युवकों को जोड़ने की जिम्मेदारी आरोपी अमित को दी गई। आरोपी अमित ने मनीष निवासी गांव पूरनपुर जिला अमरोहा को अपने साथ मिला लिया। आरोपी मनीष ने अमित के कहने पर छुट्टन निवासी गांव चकफेरी जिला मुरादाबाद व लोकेश निवासी गांव मऊ जिला अमरोहा को भी बुलवा लिया।
शुक्रवार की देर रात आरोपियों ने चौकीदार राजेश की पिटाई कर उसे बंधक बनाकर डकैती की घटना को अंजाम दिया और हिमांशु कुमार व उसके एक हमनामी एक अन्य युवक हिमांशु निवासी मोहल्ला जसरूपनगर के ई-रिक्शा के माध्यम से स्क्रैप फैक्टरी से लादकर भिजवाया। इसके लिए दोनों ई-रिक्शा पांच हजार रुपये में तय किए गए थे। इसके बाद आरोपियों ने कबाड़ी मनोज त्यागी निवासी गांव दादरी को 550 रुपये प्रति किलो के हिसाब से आधा स्क्रैप बेच दिया। आरोपी मनोज की असौड़ा पैठ पर कबाड़ी की दुकान है।
-
सीसीटीवी में हुलिए से पहचान गया प्रभाकर-
पुलिस की माने तो आरोपी घटना को अंजाम देने के दौरान सीसीटीवी में कैद हो गए थे। सभी ने मुह पर कपड़े बांधे थे। लेकिन प्रभाकर चाल ढाल और हुलिये से पहचान लिया गया। पुलिस ने मालिक से उसे फोन कराया तो उसने खुद को काम पर न आने की बात कहते हुए बुलंदशहर में होना बताया। जबकि मोबाइल लोकेशन निकालने पर उसकी लोकेशन हापुड़ में आ रही थी। इसके अलावा माल से लदी एक ई रिक्शा तहसील चौपले के पास खराब हो गई थी। पुलिस ने माल लदा देखकर र्ई-रिक्शा कोतवाली ले गई। सुबह डकैती होने पर चालक से सख्ती से पूछताछ की गई तो पूरा मामला खुल गया।
-