गढ़मुक्तेश्वर। नगर के मोहल्ला मीरा रेती निवासी महिला की दहेज की मांग पूरी न होने पर पत्नी साजिया की हत्या करने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी पति जिशान ऊर्फ डान की संपत्ति कुर्क की जाएगी। आरोपी के गिरफ्तार न होने पर उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि हापुड़ नगर के मोहल्ला मजिदपुरा निवासी समद ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में उसने उल्लेख किया था कि उसकी बहन साजिया का निकाह गढ़ नगर के मोहल्ला मदरसा निवासी जिशान ऊर्फ डान के साथ हुआ था। निकाह के बाद से उसकी बहन का पति जिशान, नफीस, फरमान, इरफान, ननद रेशमा, मामा तसलीम उसकी बहन को अतिरिक्त दहेज के लिए मांग करने लगे। मांग पूरी ने होने पर आरोपियों ने एक राय होकर उसकी बहन की हत्या कर शव को पास के ही आम के बाग में फेंक दिया। मुख्य आरोपी जिशान पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। हालांकि पुलिस ने महिला की हत्या के मामले में नामजद सहयोगी महिला के जेठ फरमान, इरफान अली, तसलीम, भाई नफीस और बहन रेशमा को गिरफ्तार कर लिया गया। लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि अब आरोपी की संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। इसको लेकर नोटिस चस्पा कर दिया गया है।