हापुड़। जिले की स्वॉट टीम ने लोगों के खोए हुए करीब 45 लाख रुपये के 160 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एक पहल अभियान के तहत सर्विलांस टीम की मदद से पिछले तीन माह में यह कार्रवाई करते हुए मोबाइल उनके स्वामियों तक पहुंचाने में सफलता हासिल की है।
पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता करते हुए एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि जनपद में खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने के लिए एक पहल अभियान तीन माह पहले शुरू किया गया था। जिसके परिणामस्वरूप जनपदीय स्वाट टीम ने प्रयास कर आम जनता के खोए हुए विभिन्न कंपनियों के 160 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जिनकी कीमत करीब 45 लाख रुपये है। उन्होंने बताया कि हापुड़ पुलिस ने एक सुविधा शुरू की थी जिसमें क्यू आर कोड के माध्यम से फोन खोए जाने की सूचना तुरंत पुलिस के एप पर डाल सकते हैं।
मोबाइल फोन पाकर खिल उठे चेहरे
जिन लोगों के मोबाइल फोन चोरी हुए थे, पुलिस ने जब उन्हें फोन सौंपे तो उनके चेहरे खिल उठे। उन्होंने हापुड़ पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए प्रशंसा की गई। एसपी ने कहा कि अभियान को और विस्तृत किया जाएगा। ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।