हापुड़। थाना पिलखुवा पुलिस ने फेसबुक पर झांसा देकर लोगों के फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से 40 फर्जी आयुष्मान कार्ड, नगदी, घटना में प्रयुक्त लैपटॉप व मोबाइल बरामद किया है।
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि 9 नवंबर 2023 को मोहित बंसल निवासी फ्री गंज रोड तहसील चौपला ने डॉ जुनैद अनवर जोकि ज्ञान संजीवनी अस्पताल गढ़मुक्तेश्वर में कार्यरत था के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें पीड़ित मोहित ने बताया कि 22 नवंबर 2022 को उसकी जान पहचान पिलखुवा स्थित जीएस अस्पताल में डॉ जुनैद अनवर से हुई थी। पीड़ित ने 32 हजार रुपये ऑनलाइन व नगद देकर डॉ.जुनैद अनवर से अपनी माता चित्रा देवी का आयुष्मान कार्ड बनाया था। इसके बाद पीड़ित ने 10 मई 2023 को अपनी माता को दिल की बीमारी के कारण जीएस अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल द्वारा पीड़ित की माता का दस हजार रुपये का बिल बनाया गया। अस्पताल द्वारा जैसे ही वह बिल लखनऊ में क्लेम के लिए भेजा गया तो पीडि़त की माता का आयुष्मान कार्ड फर्जी बता दिया गया। एसपी के निर्देश पर इस मामले में सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश त्रिपाठी को लगाया गया। इनके द्वारा पूछताछ के दौरान डॉ जुनैद अनवर द्वारा बताया गया कि उसने जिनका लिस्ट में नाम नहीं है वे अपना आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए संपर्क करें एक पोस्ट फैसबुक पेज पर लिखी देखी थी। इस पर लिखे नंबर पर संपर्क पर उस व्यक्ति को रुपए देकर उसने चित्रा देवी का आयुष्मान कार्ड बनाया था। इसके बाद पुलिस फैसबुक पेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुट गई। पुलिस ने आरोपी संतोष निषाद निवासी गांव बर्तनिया थाना लाल गंज जनपद बस्ती को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि आरोपी ने आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए जिला बस्ती में लगाए गए सरकारी शिविरों में कार्य कर चुका है। इसलिए इसके पास लॉगिन आईडी व पासवर्ड था जो उसके मोबाइल नंबर से लिंक था। इसके बाद आयुष्मान वेबसाइट पर लॉगिन कर कार्ड बनवाने वाले व्यक्ति का नाम सर्च कर उस पर कूटरचित तरीके से नाम, फोटो आदि एडिट कर फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाकर लोगों से धनराशि अर्जित करता था। इसने अभी तक 40 लोगों के फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाना स्वीकार किया है। अंत में एसपी ने बताया कि इस मामले में डॉ जुनैद अनवर की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर इसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।