गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बाग कॉलोनी में स्टेशनरी की दुकान से सामान ले जा रहे युवक पर कस्बा चौकी प्रभारी द्वारा डंडा मारने का आरोप लगा है। पीड़ित के कूल्हे पर पिटाई के निशान भी पड़ गए हैं। पीड़ित के पिता ने जनसुनवाई पोर्टल और आईजी को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
बाग कॉलोनी निवासी पवनजीत सिंह ने बताया कि उसका बेटा अंशप्रीत 11 जुलाई की देर शाम साइकिल से कॉलोनी के बाहर एक दुकान से स्टेशनरी का सामान खरीदने के लिए गया था। जैसे ही वह सामान लेकर घर जाने लगा, तो वहां पहले से ही मौजूद चार पांच लड़कों को देख कस्बा चौकी प्रभारी रुके और बेटे अंशप्रीत के साथ अभद्रता की और कूल्हे पर डंडा मार दिया। जिससे रोता हुआ बेटा घर पहुंचा और आपबीती सुनाई। पीडि़त के पिता ने बताया कि कूल्हे पर लाठी लगने से उसके निशान पड़ गए हैं। पुलिस की अनैतिक कार्यशैली पर रोष व्याप्त है। जबकि डीजीपी के सख्त आदेश हैं कि बिना वजह किसी पर बल प्रयोग न किया जाए,
एक सप्ताह में तीन मामले सामने आए
वर्दीधारियों द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर लोगों की पिटाई के मामले रोजाना देखने को मिल रहे हैं। करीब एक सप्ताह पूर्व स्याना चौराहे पर एक हेड कांस्टेबल का युवक को पीटते हुए वीडियो वायरल हुआ था। वहीं मंगलवार की सुबह एक होमगार्ड ने ई-रिक्शा चालक को लाठी से पीटा था, जिससे उसकी अंगुली टूट गई थी। इसके अलावा अब चौकी प्रभारी द्वारा छात्र को लाठी से पीटने का मामला सामने आया है।
कोट -
डायल 112 पुलिस को सूचना मिली थी, इसी बीच पुलिस को देख भीड़ एकत्र हो गई, जहां पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए प्रयास किया, जिससे साइकिल पर लाठी लगी है, छात्र के कोई लाठी नहीं लगी है, आरोप पूरी तरह से निराधार हैं। आशुतोष शिवम, सीओ