ब्रजघाट। चौकी क्षेत्र के गांव बागड़पुर के जंगल में शनिवार की सुबह गढ़ कोतवाली और चौकी पुलिस की गोवंगों का कटान कर रहे बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जिसमें गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, आरोपियों के पांच साथी मौके से भाग गए है। गिरफ्तार किए गए आरोपी गोकशी के मामलों में भी वांछित चल रहे थे। आरोपियों के पास से पुलिस ने जिंदा गोवंश, पशु के अवशेष, तमंचे, बाइक, पशु कटान के उपकरण बरामद किए है।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि अलर्ट के चलते कोतवाली और ब्रजघाट चौकी पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गांव बागड़पुर के जंगल में निराश्रित पशुओं का कटान करने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम गांव के जंगल में पहुंच गई। जहां पुलिसकर्मियों को देखकर बदमाशों ने भागने की कोशिश की। लेकिन, पुलिस टीम ने घेराबंदी शुरू कर दी। अपने आप को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस कर्मियों पर तमंचे से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। लेकिन, उनके पांच साथी खेतों में छिपकर फरार हो गए। दोनों घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आारोपियों ने अपने नाम सलमान निवासी गांव फलावदा जनपद मेरठ और इमरान निवासी मोहल्ला लालबाग गांव सावरनगर जनपद शाहजहांपुर बताया हैं। सीओ ने बताया कि मौके से फरार हुए बदमाशों के नाम अनस, गुलाम नबी निवासी मुरादाबाद, अल्तमाश निवासी संभल, निजाम, आमिर निवासी शाहजहांपुर है। आरोपियों के पास से पुलिस ने जिंदा गोवंश, पशु के अवशेष, तमंचे, बाइक और पशु कटान के उपकरण बरामद किए है। आरोपियों ने करीब एक सप्ताह पहले क्षेत्र के जंगल में गोवंश कटान की घटना को अंजाम दिया था। घायलों को चिकित्सकों ने मेरठ के लिए रेफर कर दिया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है।