धौलाना। कपूरपुर थाना क्षेत्र के गांव डहाना में आईपीएल मैच पर सट्टा लगाने वाले तीन सटोरिए भाई को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने 55 हजार रुपये और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र ने बताया कि गांव डहाना में आईपीएल में सट्टा लगाने वाले सक्रिय गिरोह की सूचना मिलने पर छापा मारा गया था। पुलिस ने मौके पर तीन लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। आरोपी तीनों सगे भाई हैं। वह लंबे समय से आईपीएल मैच में लोगों से सट्टा लगवाते थे। आरोपियों में शामिल राहुल गर्ग, मुकेश व रोबिन पुत्रगण वीरेंद्र गर्ग निवासी ग्राम डहाना हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कुछ और नाम बताए हैं। जिनकी जांच की जा रही है।