हाफिजपुर। मंदिरों में चोरी करने वाले तीन शातिरों को हाफिजपुर थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के बाद दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
सीओ पिलखुवा अनीता चौहान ने बताया कि पुलिस टीम बुलंदशहर रोड ब्रजनाथपुर पर संदिग्ध वाहनों पर नजर रख रही थी। अचानक एक कार तेज रफ्तार से आती दिखी। रोकने का प्रयास करने पर कार सवारों ने पुलिस पर गोली चला दी। आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की गई। इसमें दो बदमाशों को पैर में गोली लगी। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि तीसरा साथी मौके पर ही पकड़ा गया। पकड़े गए आरोपी आस मोहम्मद निवासी गांव गिनोरा शेख, थाना कोतवाली देहात, सद्दाम खान निवासी गांव गिनोरा शेख, थाना कोतवाली देहात और योगेश निवासी गांव गिनोरा शेख हैं। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव सादिकपुर और बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव उपैड़ा के हनुमान मंदिरों से घंटा व त्रिशूल चुराए हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और चोरी के धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।