गढ़मुक्तेश्वर। मिनी ट्रक चालक सरफराज की लूट की योजना के बाद बंटवारे को लेकर गोली मारकर हत्या करने के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी के पास से पुलिस ने एक तमंचा और मृतक के मिनी ट्रक को बरामद किया है। आरोपी मुठभेड़ के दौरान भी फरार होने में कामयाब हो गया था। आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर दिया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि करीब 15 दिन पहले गांव बदरखा के निकट रजवाहे से एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला था। उसे गोली मारकर हत्या की गई थी। घटना में रिपोर्ट दर्ज करते हुए मामले की जांच की गई। जांच के दौरान पुलिस ने मंगलवार को सूचना के आधार पर शाहपुर नहर पटरी पर मुठभेड़ में गोली लगने से घायल एक आरोपी रिहान निवासी सीलमपुर, दिल्ली को घायल अवस्था व सादिक निवासी सीलमपुर को गिरफ्तार किया था। उनके पास से एक मिनी ट्रक और लूटे गए 40 बोरे स्क्रैप के बरामद किए थे। घटना का मास्टर माइंड नवाजिश अली मौके से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। पुलिस ने घटना के मास्टरमाइंड नवाजिश अली को नगर के मेरठ रोड से गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी के पास से एक तमंचा बरामद किया। उसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर जनपद मेरठ के किठौर क्षेत्र में एक आम के बाग में छिपाए गए मृतक के मिनी ट्रक को बरामद किया गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।