हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शकरकुई ब्रह्मनान में करीब दस दिन पहले दो संप्रदायों के बीच हुए विवाद और पथराव के मामले में पुलिस ने एक और दस हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस अब तक 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
मोहल्ला शकरकुई ब्रह्मनान में दो जुलाई की शाम दो संप्रदायों के लोग आमने-सामने आ गए थे। इस दौरान आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने छत पर चढ़कर जमकर पथराव किया, मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसी तरह मामले को शांत कराया था। इस मामले में पुलिस ने 50 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। सीओ अशोक कुमार सिसोदिया ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी किला कोना थाना हापुड़ नगर निवासी शमशाद उर्फ आदिल है। उसके सिकंदर गेट चौराहे से गिरफ्तार किया गया। अभी तक इस मामले में 18 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा बाकि की जल्द गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।