गढ़मुक्तेश्वर। नगर के मोहल्ला आदर्श नगर में खेलते हुए इनवर्टर के पास पहुंचे बच्चा करंट की चपेट में आ गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बच्चे की मौत के सदमे से उसकी मां भी बेहोश हो गई।
बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव शेरपुर निवासी नौशाद नगर के मोहल्ला आदर्श नगर में किराए के घर में रहता है। उन्होंने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे उसका बेटा लारेब (4 वर्ष) घर में ही खेल रहा था, जो खेलता हुआ इनवर्टर के पास पहुंच गया। इस दौरान उसने इन्वर्टर खोला तो उसमें करंट उतर आया, जिसके चपेट में आकर लारेब की मौके पर ही मौत हो गई। मृत अवस्था में बेटे को देख उसकी मां को गहरा सदमा लगा, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ी। बच्चे को स्थानीय चिकित्सक के पास लेकर गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। नौशाद ने बताया कि बारिश के कारण घर में सीलन आने के कारण इन्वर्टर में करंट उतर आया था। बिना किसी कार्रवाई के परिजनों ने मृतक बच्चे को सुपुर्द ए खाक कर दिया है।