हाफिजपुर। थाना पुलिस ने नामी कंपनियों की नकली व अपमिश्रित शराब बनाने वाले गिरोह के फरार चल रहे दस हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। जबकि पुलिस गिरोह के दस सदस्यों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि चार मई की रात मुखबिर ने थाना पुलिस को सूचना दी। जिसमें बताया कि बृजथानपुर चौकी के पास ईंट भट्ठे पर बने खंडहर में एक गिरोह के सदस्य नामी कंपनियों की नकली व अपमिश्रित शराब बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर नौ आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से अवैध नकली शराब, हजारों की संख्या में ब्रांडेड कंपनी की ढक्कन, बार कोड व उपकरण बरामद हुए थे। जबकि गिरोह के दो आरोपी ब्रह्म सिंह व सुरेश गटवा उर्फ सुरेश खठुआ फरार चल रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर दस-दस हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
पुलिस सात जून को गिरोह के दस हजार के इनामी आरोपी ब्रह्म सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। सीओ ने बताया कि मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर फरार चल रहे दस हजार के इनामी आरोपी सुरेश गटवा उर्फ सुरेश खठुआ निवासी खंडा हाथा थाना आठगढ़ जिला कटक उड़ीसा हाल पता मानसरोवर पार्क शाहदरा दिल्ली को रामपुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ दिल्ली समेत जिला मुजफ्फरनगर व हापुड़ में चोरी, आबकारी अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट व धोखाधड़ी आदि के करीब छह मुकदमे दर्ज हैं।