हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र निवासी बीए तृतीय वर्ष की छात्रा के अपहरण के प्रयास के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करेगी।
बाबूगढ़ क्षेत्र निवासी व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पुत्री एक कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा है। सोमवार को कॉलेज जाते समय बाइक सवार दो युवकों ने छात्रा को जबरन बाइक पर बैठा लिया। छात्रा के शोर मचाने पर लोगों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। कोठीगेट के पास आरोपी छात्रा को बाइक से उतारकर फरार होने में कामयाब हो गए थे। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह ने बताया कि छात्रा के अपहरण के मामले में मोहल्ला लज्जापुरी के जतिन उर्फ गोलू और चिंटू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।