हापुड़। नगर कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने चेकिंग के दौरान पुलिस बैरियर तोड़कर मारकर भाग रहे अंतरराज्यीय गिरोह के चार वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दिल्ली से चोरी की गई दो कार और अवैध असलाह बरामद किया है। आरोपियों ने 16 नवंबर की रात में मोहल्ला कोटला मेवातियान से एक क्रेटा कार को भी चोरी करना स्वीकार किया है।
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि मंगलवार की रात करीब दस बजे नगर कोतवाली पुलिस को दिल्ली रोड से हापुड़ की तरफ दो संदिग्ध कारों के आने की सूचना मिली। सूचना पर नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट और स्वाट प्रभारी पारस मलिक पुलिस बल के साथ बुलंदशहर रोड स्थित जदीद चौकी के पास बैरियर लगाकर चेकिंग करने लगे। इसी बीच तहसील से बुलंदशहर की तरफ जाने वाली एक थार व आई-20 कार को रोकने का इशारा किया, लेकिन कार बैरियर में टक्कर मारते हुए बुलंदशहर रोड की तरफ भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस को पीछा करते देख अपनी-अपनी कारों को चितौली मार्ग की तरफ मोड दिया।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को चितौली रोड स्थित भट्टे के पास पकड़ लिया। दोनों कारों में सवार आरोपियों की पहचान रहीस उर्फ जानी उर्फ मोहम्मद जान निवासी मोहल्ला डाक बंगला बिलारी जिला मुरादाबाद, दानिश मलिक निवासी मोहल्ला किराडी सुलेमान नगर अमन विहार दिल्ली, शेख नदीम निवासी मोहल्ला बंगला बस्ती निकट जिलानी गैराज गार्डन रीच रोड परगना उत्तर पश्चिम बंगाल व शहजाद निवासी मोहल्ला रफीकनगर हापुड़ के रूप में हुई है।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि छह दिसंबर को उन्होंने कार को दिल्ली के न्यू अशोक नगर से चोरी किया था। उन्होंने एक वर्ष पहले कार को दिल्ली से चोरी किया। पुलिस से बचने के लिए वह इन कारों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलाते हैं। मंगलवार की रात वह कार बेचने की साजिश कर रहे थे। अपने दोस्त शहजाद को लेने हापुड़ आए थे। आरोपियों ने बताया कि 16 नवंबर 2025 की रात में मोहल्ला कोटला मेवातियान निवासी हाजी इकरामुद्दीन के घर के बाहर खड़ी कार भी उन्होंने चारी की थी। इस संबंध में हाजी इकरामुद्दीन ने कोतवाली पर चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एएसपी ने बताया कि आरोपी दिल्ली व अन्य जिलों से वाहनों को चोरी करने के बाद विभिन्न राज्यों के डीलरों को बेचकर आर्थिक लाभ कमाते हैं। आरोपी दानिश पूर्व में मेरठ के सोतीगंज में चोरी की आईं लग्जरी गाड़ियों को देश के विभिन्न राज्यों में बेचना स्वीकार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी शातिर किस्म के अंतरराज्यीय वाहन चोर हैं। जिनके खिलाफ दिल्ली, हापुड़, बिजनौर, अमरोहा व अलीगढ़ में चोरी आदि के अपराधों के 33 मुकदमे दर्ज हैं।