सिंभावली। थाना पुलिस ने फर्जी लूट के मामले में वांछित चल रहे 20 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि जनपद बरेली के मोहल्ला नवादा शेखान निवासी वसीम ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें उल्लेख किया था कि वह अपने साथियों के साथ कपड़ों का काम करता है। 24 अगस्त को वह साथियों के साथ शॉल और सााड़ियां जिनकी कीमत करीब 25 लाख रुपये है, बेचने के लिए दिल्ली गया था। लेकिन, उचित दाम न मिलने के कारण वह और उसके साथी सारा माल लेकर बरेली लौट रहे थे। वसीम के अनुसार सिंभावली क्षेत्र में बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी कार रुकवा ली और चाकू व तमंचों के बल पर भयभीत कर सामान लूट लिया। विरोध करने पर उसे और साथियों की पिटाई करते हुए कार भी क्षतिग्रस्त कर दी। सीओ का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की गई। जांच में लूट की घटना फर्जी पाई गई। उन्होंने बताया कि मामले में वांछित चल रहे आयुष निवासी मोहल्ला जगतपुरा थाना बारादरी जनपद बरेली पर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया जा चुका है। पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि सोमवार को सूचना के आधार पर आयुष को क्षेत्र में खुडलिया गांव के निकट हाईवे की सर्विस रोड से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ जनपद बरेली के थाना बारादरी व कोतवाली में बलवा, जान से मारने की धमकी देना, मारपीट, आर्म्स एक्ट, जानलेवा हमला करने के मामले में कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया गया है।