गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के गांव हिरनपुरा में पूर्व मंत्री मदन चौहान पर फायरिंग के प्रयास में फरार चल रहे आरोपी सूर्या सिंह पर पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
घटना एक सप्ताह पूर्व की है, जब पूर्व मंत्री मदन चौहान अपने गनर, चालक और सहायक के साथ कार से सगाई समारोह से लौट रहे थे। हिरनपुरा रोड पर लग्जरी कार सवार तीन युवक अपने वाहन से उतरे और दो पिस्टल से फायर करने का प्रयास किया। हालांकि, गनर को देखकर आरोपी मौके से भाग गए। मामले में पूर्व मंत्री ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी और एसपी से मिलकर ठोस कार्रवाई की मांग की थी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी शिवम और शुभम निवासी गढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया था। जबकि तीसरा आरोपी सूर्या सिंह, निवासी इंद्रगढ़ी, डासना देहात थाना वेव सिटी जनपद गाजियाबाद अभी फरार है। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सूर्या सिंह पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।