हाफिजपुर। थाना क्षेत्र के अन्तर्गत बुलंदशहर रोड स्थित गोल चक्कर के पास रोडरेज में पेट्रोल पंप संचालक को कार सवार युवक टक्कर मारकर फरार हो गए। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे नोएडा के एक अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मोहल्ला तगासराय निवासी प्रभात उर्फ बब्बू सोमवार की शाम कार में सवार होकर बुलंदशहर रोड पर जा रहे थे। बुलंदशहर रोड बाईपास स्थित गोल चक्कर के पास पहुंचने पर उनकी कार की दूसरी कार से भिड़ंत हो गई। जिसके बाद वह कार से उतरकर विरोध करने लगे। इस दौरान दूसरा कार सवार उन्हें टक्कर मारकर फरार हो गया। सूचना पर थाना प्रभारी आशीष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल हो अस्पताल में भर्ती कराकर परिजनों को सूचना दी। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे नोएडा के लिए रेफर कर दिया। यहांं उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि हादसे के संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।