हापुड़। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) द्वारा जिले के 15 केंद्रों पर शनिवार और रविवार को पीईटी परीक्षा कराई जाएगी। दोनों दिन कुल चार पालियों में 29376 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले प्रवेश मिलना शुरू होगा। आधा घंटा पहले गेट बंद कर दिए जाएंगे।
डीआईओएस के अनुसार प्रत्येक पाली में 7344 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठेेंगे। पहली पाली सुबह दस से 12 और दूसरी पाली की परीक्षा तीन से पांच बजे तक होगी। सुबह की पाली में अभ्यर्थियों को सुबह आठ बजे से प्रवेश मिलना शुरू होगा। साढ़े 9 बजे तक परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की एंट्री होगी। जबकि स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को सुबह सात बजे से केंद्रों पर पहुंचना होगा।
दोपहर की पाली में एक बजे से छात्रों को प्रवेश मिलेगा, ढाई बजे एंट्री रोक दी जाएगी। अभ्यर्थियों की परीक्षा से पहले बॉयोमेट्रिक, स्क्रीनिंग कराई जाएगी। डमी परीक्षार्थी और नकलविहीन परीक्षा के लिए सभी तैयारियां पूरी की गई हैं। शुक्रवार को डीएम, एसडीएम, डीआईओएस आदि अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण किया।
यह लेकर केंद्र पर न जाएं अभ्यर्थी
परीक्षा में अभ्यर्थी मोबाइल फोन, टैबलेट, पैन ड्राइव, हार्ड डिस्क, डाटा कार्ड, कैलकुलेटर, ब्लू टूथ, डिवाइस ईयरफोन, कलाई घड़ी, एटीएम कार्ड आदि सामग्री न ले जाएं। कान में लगी किसी भी तरह की मशीन, कागज पर बनी सारणी, ग्राफ शीट, मानचित्र स्लाइड रूल्स व किसी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
तीन साल के लिए मान्य होगी पीईटी-
पीईटी की परीक्षा उत्तीर्ण करने पर पहले यह एक वर्ष के लिए ही मान्य होती थी, लेकिन अब इस वर्ष पीईटी तीन वर्ष के लिए मान्य कर दी गई है। इससे छात्रों को आगामी सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन में आसानी होगी। बदली व्यवस्था से अभ्यर्थियों में काफी खुशी है।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा-
परीक्षा केंद्र पंजीकृत छात्र
एकेपी इंटर कॉलेज 480
बदेस्ता एकेडमी 480
सीटीसी इंटर कॉलेज 480
दीवान इंटर कॉलेज 480
डीपीएस 504
दीवान पब्लिक स्कूल 480
एलएन पब्लिक स्कूल 600
मारवाड़ इंटर कॉलेज 456
एसएसवी इंटर कॉलेज 576
सर्वोदय इंटर कॉलेज 384
श्रीचंडी विद्यालय 384
श्रीजैन कन्या 384
श्रीमती ब्रह्मादेवी 600
विब्ग्योर 576
एसएसके इंटर कॉलेज 480
(नोट : इन केंद्रों पर दो दिन में चार पाली होंगी। ऊपर दी छात्र संख्या एक ही पाली की है, हर पाली में उतने ही छात्र शामिल होंगे।)
कोट -परीक्षा के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी केंद्रों पर निरीक्षण कर, व्यवस्था परख ली है। दोनों दिन की परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न कराई जाएगी। - डॉ. श्वेता पूठिया, जिला विद्यालय निरीक्षक।