हापुड़। जिले के 15 केंद्रों पर शनिवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) कड़े प्रबंधों के बीच आयोजित हुई। सुबह 10 से 12 बजे और दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक दो पालियों में परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षा के बाद सड़कों पर जाम लग गया। मुख्य चौराहों पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जाम के कारण लोगों को परेशानी का सामना जरूर करना पड़ा। वहीं, दोनों पालियों में कुल 14688 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, इनमें से 10442 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 4246 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। रविवार को भी दो पालियों में परीक्षा का आयोजन होगा।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने शनिवार को पीईटी का आयोजन किया। पहली पाली के लिए 7344 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, इसमें से 5202 परीक्षा देने पहुंचे। वहीं, दूसरी पाली में 7344 पंजीकृत अभ्यर्थियों में 5240 परीक्षा दी। परीक्षा के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से कड़े इंतजाम किए गए थे। निगरानी के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी मौजूद रहे।
सुबह से ही मथुरा, सहारनपुर, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली आदि जिलों के अभ्यर्थी जिले के केंद्रों पर परीक्षा देने पहुंचने शुरू हो गए। कई अभ्यर्थियों के साथ उनके अभिभावक भी परीक्षा दिलाने आए। परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने की आपाधापी के कारण शहर की सड़कों पर दबाव बढ़ गया और जाम की स्थित बन गई। मेरठ रोड स्थित दीवान इंटर कॉलेज, दीवान पब्लिक स्कूल और श्री शांति स्वरूप कृषि इंटर कॉलेज के बाहर परीक्षा समाप्त होने पर आधा घंटे तक जाम की स्थिति रही। सभी केंद्रों पर परीक्षा समाप्त होने के बाद शहर के तहसील चौपला, मेरठ तिराहा पर भी वाहन चालकों को जाम का सामना करना पड़ा। ऐसे में शहर के लोगों और अभ्यर्थियों को जाम के कारण परेशान होना पड़ा। हालांकि चौराहों पर मुस्तैद पुलिस ने जल्दी ही स्थिति को संभालकर सामान्य किया।
महिलाओं के उतरवाए गहने
परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद ही अंदर प्रवेश दिया गया। केंद्रों के बाहर पर्याप्त मात्रा में महिला पुरुष पुलिस की तैनाती की गई है। ऐसे में सभी को रोककर पहले सघन जांच की गई। महिलाओं के मंगलसूत्र, कंगन और कानों की बाली तक उतरवा लीं। सुहाग की निशानी पैरों के बिछुवे उतारने को लेकर एकेपी कालेज में महिलाओं की नोकझोंक भी हुई। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने बिछुवों पर टेप लगाकर अभ्यर्थियों को अंदर प्रवेश दिया।
रोडवेज बस अड्डा और रेलवे स्टेशन पर रही भीड़
विभिन्न जिलों से अभ्यर्थी पीईटी परीक्षा देने के लिए पहुंचे। अभ्यर्थियों को परेशानी न हो इसके लिए हापुड़ रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डा पर हेल्प डेस्क बनाई गई साथ ही परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए क्यूआर कोड लगाए गए। परीक्षा समाप्त होने के बाद रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डा पर घर जाने के लिए अभ्यर्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। ऐसे में ट्रेनों में मारामारी की स्थिति रही।
अभ्यर्थियों के लिए रोडवेज बसों का हुआ संचालन- -
हापुड़ के अधिकांश अभ्यार्थियों का परीक्षा केंद्र शामली में बनाया गया था। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए शामली के लिए रोडवेज की 11 बसों का संचालन किया गया, वहीं बुलंदशहर मार्ग पर भी तीन बसें संचालित की गई। अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार रविवार को भी विभिन्न रूटों पर रोडवेज बसों का संचालन किया जाएगा। वहीं रेलवे द्वारा गाजियाबाद-बरेली के बीच भी परीक्षा स्पेशल ट्रेन का संचालन किया गया।