हापुड़। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से छूटे लोगों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के लिए शनिवार को जिलेभर में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। जिले के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 10 से शाम चार बजे तक कैंप लगेंगे। यहां बीएलओ मौजूद रहकर पात्र नागरिकों से फार्म-6 प्राप्त करेंगे। इससे मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए लोगों को सुविधा मिलेगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं को पंजीकरण का अवसर दिया जाएगा। शिविर में सभी बीएलओ आवश्यक अभिलेखों और प्रपत्रों के साथ अपने मतदेय स्थल पर मौजूद रहेंगे।
फोटो और दस्तावेज साथ लेकर पहुंचे
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के इच्छुक नागरिकों को अपनी नवीनतम फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित दस्तावेज की स्वप्रमाणित छायाप्रति साथ लानी होगी। यदि परिवार के किसी सदस्य का मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध है तो उसकी संख्या भी साथ लेकर आएं। लोग तहसील कार्यालय या जिला निर्वाचन कार्यालय, हापुड़ से भी फार्म-6 प्राप्त कर सकते हैं। वहीं, नागरिक निर्वाचन आयोग के ईसीआईनेट मोबाइल एप और वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से भी फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं।
अधिकारी करेंगे कैंपों की निगरानी
एडीएम ने बताया कि विशेष कैंपों का उप जिला निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की ओर से निरीक्षण किया जाएगा। अभियान के प्रचार के लिए शहरी क्षेत्रों में रिक्शाओं पर लाउडस्पीकर और ग्रामीण क्षेत्रों में डुगडुगी के माध्यम से लोगों को जानकारी दी जाएगी। सोशल मीडिया पर भी प्रचार किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे।