हापुड़ के ब्रजघाट में मंगलवार देर शाम गंगानगरी क्षेत्र में मेरठ निवासी बुजुर्ग महिला राजवती ने गंगा में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि, स्थानीय लोगों की सतर्कता से महिला को सकुशल बचा लिया गया।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि शाम के समय महिला गंगा पुल की सीढ़ियों से आरती प्लेटफॉर्म पर पहुंचीं और काफी देर तक आरती स्थल व घंटाघर के पास घूमती रहीं। इसके बाद वह टहलते हुए गंगा तट पर पहुंच गईं। गंगा आरती के दौरान अचानक उन्होंने आत्महत्या के इरादे से गंगा में छलांग लगा दी।
महिला को कूदते देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद मल्लाह और गोताखोर तुरंत गंगा में कूद गए। उन्होंने कुछ ही देर में महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि पूछताछ में महिला ने अपना नाम राजवती निवासी मेरठ बताया है। पारिवारिक कलह के चलते वह ब्रजघाट पहुंची थीं। परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया है।