हापुड़। जिले में बिजली कटौती से लोगों का बुरा हाल है। शुक्रवार रात को भी बिजली गुल होने से नाराज लोग गढ़ रोड फ्लाईओवर के पास सड़क पर बैठ गए। वहीं, शनिवार को दिनभर में कई बार हुए फाल्ट के कारण छह घंटे तक दर्जनों मोहल्लों की आपूर्ति बाधित रही। इसके साथ-साथ 20 ट्रांसफार्मर भी फुंके हैं।
स्थानीय निवासी कमल ने बताया कि शुक्रवार रात करीब नौ बजे पटना मुरादपुर बिजली घर से जुड़े लक्ष्मणपुरा और कविनगर के आधे इलाके की आपूर्ति अचानक बंद हो गई। सूचना के करीब डेढ़ घंटे बाद ऊर्जा निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी बताई। रात 11 बजे तक भी आपूर्ति सुचारू न होने पर लोगों में रोष व्याप्त हो गया। सैकड़ों लोग गढ़ रोड फ्लाईओवर के पास सड़क़ पर ही धरना देकर बैठ गए। चौकी पास में होने के कारण पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे तक लोग धरना देकर बैठे रहे। हालांकि इस दौरान सड़क की दूसरी ओर से वाहन गुजरते रहे । सुबह करीब पांच बजे जाकर ट्रांसफार्मर सही हुआ और आपूर्ति सुचारू हो सकी। वहीं, मोदीनगर रोड बिजली घर से जुड़े मेरठ रोड आवास विकास कॉलोनी से असौड़ा रोड के चार मोहल्लों में रातभर कम वोल्टेज की समस्या बनी रही। इसके कारण 200 से अधिक घरों के लोग पूरी रात सो नहीं सके।
फाल्ट से छह घंटे गुल रही बिजली
दिल्ली रोड बिजली घर प्रथम व द्वितीय के क्षेत्र से जुड़े मोहल्ला ज्ञानलोक कॉलोनी, रघुवीर गंज, कलक्टर गंज, आर्य नगर, लज्जापुरी, कोठी गेट, कोटला मेवतियान, टाउन हाल बिजली घर से जुड़े गोल मार्केट, शिवपुरी, रेवती कुंज, पटेल नगर, प्रेम पुरा, अतरपुरा, कसेरठ बाजार, आनंद विहार बिजली घर से जुड़ी अपना घर कालोनी, रामगढ़ी, शिवगढ़ी, प्रीत विहार बिजली घर से जुड़े मोहल्ला चमरी, दिल्ली रोड आदि मोहल्लों में शनिवार की सुबह से लेकर शाम छह बजे तक 150 से अधिक फाल्ट हुए। इस कारण पांच से घंटे तक बिजली गुल रही। इसके अलावा जिन मोहल्लों में बिजली आई भी वहां हर 20 मिनट में ट्रिपिंग होती रही। जिससे लोग पूरी दोपहर परेशान रहे।
कई जगह फुंके ट्रांसफार्मर
कचहरी के बाहर, अतरपुरा चौपला, मीनाक्षी रोड, कोठी गेट, कोटला मेवातियान आदि क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर फुंके हैं। अकेले शनिवार को पूरे जिले में 20 से अधिक ट्रांसफार्मर फुंके हैं। जिन्हें बदलने में चार घंटे तक का समय लगा। इस कारण भी सैकड़ों उपभोक्ता परेशान हुए हैं।
कोट -
मुझे लोगों के सड़क पर बैठने के संबंध में जानकारी नहीं है। कहीं कोई अधिकारी व कर्मचारी गड़बड़ी कर रहा है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई करेंगे।- अवनीश कुमार, अधीक्षण अभियंता