पिलखुवा। शराब पीकर गाली-गलौज और अभद्रता करने से नाराज पवन ने किसान सुरेश की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से रस्सी और बैंटा बरामद किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि 14 सितंबर की सुबह पबला निवासी किसान सुरेश तोमर का शव उसी के घेर में चारपाई पर पड़ा मिला था। मृतक के भाई सुधीर तोमर ने अज्ञात में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। एएसपी ने बताया कि विवेचना में इसी गांव के निवासी पवन कुमार का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने शुक्रवार को जटपुरा तिराहे के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रस्सी और दरांती का टूटा बैंटा बरामद किया। एएसपी ने बताया कि 13 सितंबर की रात मृतक सुरेश, आरोपी पवन और बिजेंद्र शराब पी रहे थे। शराब पीते समय मृतक सुरेश ने पवन के साथ गाली गलौज करते हुए अभद्र टिप्पणी कर दी थी। जिससे नाराज होकर पवन ने सुरेश को मारने के लिए दरांती से हमला किया, लेकिन बिजेंद्र ने बीच-बचाव कर दिया था। उन्होंने बताया कि इसी बात से नाराज पवन ने रात को जाकर सुरेश की सोते समय रस्सी से गला दबाकर और दरांती के बैंटे से सिर पर वार करके हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।