हापुड़। ठंड बढ़ने के साथ ही घंटों की देरी से पहुंच रही ट्रेनों ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। मंगलवार को भी आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से हापुड़ स्टेशन पहुंचीं। इसके चलते यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर बैठकर घंटों इंतजार करना पड़ा।
मंगलवार को सहरसा जंक्शन से अमृतसर जाने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस तीन घंटे 32 मिनट, डिब्रुगढ़ से लालगढ़ जाने वाली अवध-असम एक्सप्रेस दो घंटे तीन मिनट और वाराणसी से दिल्ली जाने वाली स्पेशल ट्रेन तीन घंटे 39 मिनट की देरी से पहुंची। वहीं, आनंद विहार से पूर्णिया कोर्ट जाने वाली स्पेशल ट्रेन सात घंटे 40 मिनट और नई दिल्ली से बनारस जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस दो घंटे 23 मिनट लेट रही।
इसके अलावा प्रयागराज से सहारनपुर जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस एक घंटे 58 मिनट, मुरादाबाद-गाजियाबाद मेमू एक घंटे चार मिनट और पूर्णिया कोर्ट से आनंद विहार जाने वाली ट्रेन नौ घंटे तीन मिनट की देरी से पहुंची। बनारस से नई दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस छह घंटे 29 मिनट और आनंद विहार से लालकुआं जाने वाली एक्सप्रेस एक घंटे 24 मिनट लेट रही।
मामले में स्टेशन अधीक्षक रामकेश मीना का कहना है कि पीछे से ही ट्रेनें देरी से पहुंच रही हैं। हापुड़ स्टेशन पर किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है।