धौलाना में सड़क दुर्घटना होने के बाद थ्री व्हीलर के अंदर फंसे चालक को निकालते लोग। संवाद
धौलाना। गुलावठी-धौलाना मार्ग पर सोमवार शाम तेज रफ्तार वाहनों के बीच ओवरटेक करने के दौरान एक बस ने मालवाहक थ्री व्हीलर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि थ्री व्हीलर के परखच्चे उड़ गए। हादसे में थ्री व्हीलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक के शव को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकलवाया।
पुलिस के अनुसार, बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद क्षेत्र के गांव ककरी निवासी रिंकू (35) पुत्र कालीचरण सोमवार शाम करीब पांच बजे थ्री व्हीलर से गुलावठी से धौलाना की ओर आ रहे थे। इसी दौरान गुलावठी-धौलाना मार्ग पर सामने से आ रही बस से उनके वाहन की टक्कर हो गई। हादसे में रिंकू की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मार्ग पर तेज रफ्तार डंपरों और भारी वाहनों की आवाजाही के बीच बस ओवरटेक कर रही थी। इसी दौरान मालवाहक थ्री व्हीलर उसकी चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि थ्री व्हीलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद चालक को वाहन से बाहर निकलवाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सीओ पिलखुवा मुनीश चंद्र ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। मृतक के परिजनों से तहरीर लेकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।