गढ़ क्षेत्र में लूट की घटना को लेकर नेशनल हाईवे पर सीसीटीवी में फुटेज देखे कोतवाली प्रभारी व उन
गढ़मुक्तेश्वर। ब्रजघाट चौकी क्षेत्र में गांव बलवापुर के पास कपड़ों से भरे कैंटर को लूटने की घटना के दो दिन बाद भी पुलिस के हाथ लुटेरों तक नहीं पहुंच सके हैं। वारदात के बाद पुलिस अब तक हापुड़ से गढ़ तक लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल चुकी है। छिजारसी टोल प्लाजा से लेकर गढ़ क्षेत्र तक विभिन्न स्थानों के कैमरों की फुटेज को जांच के दायरे में लिया गया है।
अमरोहा के नौगांवा सादात निवासी कैंटर मालिक मोहम्मद अशरफ की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज हुई थी। जिसमें उल्लेख किया था कि सोमवार तड़के करीब तीन बजे उनका कैंटर दिल्ली के गांधीनगर से व्यापारियों का रॉ मटीरियल कपड़ा लेकर नौगांवा सादात जा रहा था।
कैंटर में चालक शकील के साथ कामगार पप्पू और सौरभ भी सवार थे। बलवापुर के पास बदमाशों ने कैंटर को रोककर चालक समेत तीनों को अपने कब्जे में ले लिया था। इसके बाद बदमाशों ने चालक से करीब पांच हजार रुपये और मोबाइल फोन भी लूट लिया और कैंटर में लदा करीब 35 लाख रुपये कीमत का कपड़ा लेकर फरार हो गए। घटना के बाद से पुलिस वारदात में शामिल बदमाशों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के अलावा कैंटर के संभावित रूट पर भी जांच शुरू की है।
सीओ राहुल यादव ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं। हापुड़ के छिजारसी टोल प्लाजा से लेकर गढ़ तक विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गंभीरता से जांच कर रही है।