पिलखुवा नगर पालिका में प्रदर्शन करते आउटसोर्सिंग कर्मचारी।।संवाद
पिलखुवा। नगर पालिका परिषद से जुड़े आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने वेतन और सुविधाओं को लेकर प्रदर्शन किया । इससे पूर्व एक दिन पहले सभी ने एकत्र होकर डीएम को ज्ञापन सौंपा था। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सप्ताह में सातों दिन काम लेने के बावजूद उन्हें निर्धारित 18 हजार 305 रुपये के बजाय केवल 6500 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं। इस धनराशि का भुगतान भी दो माह में एक बार किया जाता है।
कर्मचारियों का कहना है कि ईपीएफ और ईएसआई जैसी जरूरी सुविधाएं भी नहीं दी जा रहीं। कई स्थानों पर एक कर्मचारी से काम लेकर तीन कर्मचारियों का वेतन निकाले जाने का आरोप भी लगाया गया है। वेतन बढ़ाने की मांग करने पर ठेकेदार द्वारा धमकी देने की बात भी सामने आई है। कर्मचारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि इस संबंध में डीएम को ज्ञापन दिया गया है।
डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निस्तारण के लिए सात दिन का समय दिया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। ईओ इंद्रपाल सिंह नगर पालिका परिषद पिलखुवा ने बताया कि नियमानुसार आउटसोर्सिंग के कर्मियों को वेतन दिया जा रहा है, जिसका भुगतान बैंक द्वारा हो रहा है। संबंधित ठेकेदार द्वारा पूर्ण भुगतान सभी आउटसोर्स कर्मियों के खाते में भेजा जा रहा है। कर्मचारी कार्य में लापरवाही करते हैं, दो घंटे में ही उनकी ड्यूटी पूरी हो जाती है। बिना सही कारण के दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस दौरान अवधेश प्रताप तोमर, धर्मेंद्र तोमर, पुष्पेंद्र, आबिद, विनीत, नीरज कुमार, कृष्णा, महेश, हुसैन, अमित, कपिल और ललित सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।