हापुड़। नगर के वार्ड संख्या-37 स्थित के मोहल्ला कृष्णानगर और शक्तिनगर में जलनिकासी की गंभीर समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण कार्य का विरोध किया है। आरोप है कि जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था किए बिना सड़क निर्माण कराया गया तो क्षेत्र के करीब 500 घरों में जलभराव की स्थिति पैदा हो जाएगी। इससे क्षुब्ध लोग शुक्रवार को कलक्ट्रेट और फिर नगर पालिका पहुंचे। यहां लोगों ने डीएम कविता मीना और ईओ संजय कुमार मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर पहले जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
डॉ. वंदना वशिष्ठ ने बताया कि कृष्णानगर और शक्तिनगर में लंबे समय से जल निकासी की समस्या बनी हुई है। बारिश के दौरान पानी की निकासी को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पूर्व में भी संबंधित अधिकारियों और प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। ऐसे में जलनिकासी की उचित व्यवस्था किए बिना सड़क निर्माण कराया जाना क्षेत्र के लोगों के लिए मुसीबत बन सकता है।
आरोप है कि पानी निकासी की दिशा बदलने अथवा बिना उचित व्यवस्था के सड़क निर्माण होने से करीब 500 घर जलभराव की चपेट में आ सकते हैं। कांति प्रसाद की धर्मशाला की ओर पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। वहीं, अन्य क्षेत्रों का पानी भी शक्तिनगर की नाली में डाला जा रहा है, जिससे समस्या और गंभीर हो रही है। लोगों ने मांग की है कि निर्माण से पहले पूरे क्षेत्र का सर्वे कराया जाए और पानी की निकासी के लिए उचित मार्ग निर्धारित किया जाए। यदि नालों से निकासी संभव नहीं है तो सीवर लाइन डालने की व्यवस्था की जाए।
लोगों ने कहा कि जलनिकासी की वास्तविक स्थिति का आकलन कर नालों और निकासी मार्गों को व्यवस्थित किया जाए। जब तक स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक सड़क निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए।
इस दौरान मनोज भारद्वाज, निखिल वत्स, मनोज कुमार, हितेश सिरोही, वचन सिंह, अनीता, रेखा, निरंजन पंडित, मन्नू, विजयपाल दरोगा, अमरपाल दरोगा, नीतू और सुनील आदि मौजूद रहे।