गढ़मुक्तेश्वर। शहर में खुले नालों से पूर्व में हुए हादसों के बावजूद खुले नालों को ढकने के लिए नगर पालिका गंभीर नजर नहीं आ रही है। कई स्थानों पर नाले खुले पड़े हैं, इससे राहगीरों, बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को हादसे का खतरा रहता है। नगर पालिका भी इस तरफ ध्यान नहीं दे रही है।
गढ़ पालिका क्षेत्र में करीब डेढ़ साल पहले तेज बारिश के दौरान मोहल्ला राजीव नगर में खुले नाले में संजय का तीन साल का बच्चा शिवा गिरकर लापता हो गया था। इसकी लंबे समय तक पुलिस, प्रशासन और पालिका के अलावा परिजनों ने तलाश की, लेकिन बच्चे का आज तक कुछ पता नहीं चल सका। आए दिन खुले नालों में गिरकर लोग चोटिल होते रहते हैं, लेकिन अधिकारी सावधानी बरतने और खुले नालों को बंद कराने में लापरवाही बरत रहे हैं।
नगर में तहसील मार्ग से राजीव नगर मोहल्ले की तरफ जाने वाला नाला डेढ़ साल बाद भी पटिया डालकर ढका नहीं जा सका है। तहसील मार्ग क्षेत्र का व्यस्त रास्ता है। खुला नाला कभी भी हादसे का कारण बन सकता है। इसके अलावा हाईवे पर गांव स्याना चौराहे और बदरखा के निकट बनाए गए ओवर ब्रिज की सर्विस रोड पर भी कई जगह से नाले की पटिया गायब हैं। जो रात के समय हाईवे और सर्विस रोड पर राहगीरों के लिए हादसे का कारण बन सकती है।
एसडीएम श्रीराम सिंह ने बताया कि संबंधित विभागों के अधिकारियों से वार्ता कर खुले नालों को बंद कराया जाएगा। ताकि किसी तरह के हादसे की संभावना न रहे।