हापुड़ स्थित नगरपालिका सभागार में लगे सम्पूर्ण समाधान दिवस में लोगों की समस्या सुनते डीएम व एसपी
हापुड़। हापुड़ और गढ़मुक्तेश्वर में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। हापुड़ में जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह ने शिकायतें सुनीं। गढ़मुक्तेश्वर में मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। हापुड़ में बिना स्वीकृति अवकाश पर गए एक लेखपाल का वेतन काटने का आदेश दिया गया।
हापुड़ नगर पालिका के सभागार में आयोजित समाधान दिवस में कुल 60 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से सात शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। गांव भड़ंगपुर में जमीन संबंधी शिकायत पर लेखपाल सचिन कुमार को बुलाया गया था। उनके अनुपस्थित रहने पर साथी लेखपाल ने अवकाश पर होने की जानकारी दी। एसडीएम प्रेमपाल ने बताया कि उन्होंने कोई अवकाश स्वीकृत नहीं किया था।
इस पर जिलाधिकारी कविता मीना ने लेखपाल सचिन कुमार का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया। धौलाना में एडीएम संदीप कुमार की अध्यक्षता में 28 शिकायतें आईं। इनमें से चार शिकायतों का मौके पर निस्तारण हो सका। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को तय समय सीमा में निस्तारित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने कानून-व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों पर सख्त कार्रवाई की बात कही।
हापुड़ में प्रमुख शिकायतें
ग्राम अल्लीपुर मुगलपुर निवासी अमित ने फसल काटने पर धमकी मिलने की शिकायत की। ग्राम कांवी निवासी ज्ञानचंद ने भूमि पर कब्जे और लंबित जांच पूरी कराने की मांग की। ग्राम मिर्जापुर निवासी कृष्णपाल ने दादालाही कृषि भूमि में अपना हिस्सा दर्ज कराने को कहा। ग्राम अच्छेजा निवासी महेंद्र सिंह ने एलटी को ऊंची कराने के लिए दो खंभे लगवाने की मांग की। ग्राम मलकपुर निवासी हरेंद्र सिंह ने पड़ोसी पर चकरोड काटकर अपने खेत में मिलाने का आरोप लगाया। मोहल्ला अशोक नगर निवासी दिनेश कुमार ने वर्तमान रियल टाइम खतौनी में खातेदार का विवरण दर्ज कराने की शिकायत की।
गढ़मुक्तेश्वर में समाधान दिवस
गढ़मुक्तेश्वर तहसील में भी शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा ने यहां फरियादियों की शिकायतें सुनीं। विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 30 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। पेंशन, बिजली की समस्या, खतौनी में संशोधन और भूमि विवाद से संबंधित शिकायतें प्रमुख थीं।