हापुड़। शिवरात्रि से ठीक पहले जिले में कांवड़ियों की भीड़ बढ़ गई है। सोमवार को मेरठ रोड, बुलंदशहर रोड और गढ़ दिल्ली रोड केसरिया रंग में रंग गए। हालांकि शहर के अंदर मेरठ रोड और बुलंदशहर रोड के साथ कई स्थानों पर ट्रैफिक वन वे रहा, इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। अपने गंतव्य तक आने के लिए कई किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ा।
सोमवार को बुलंदशहर, दिल्ली और आसपास के जिलों के कावंड़िये हरिद्वार और ब्रजघाट से गंगाजल लेकर शहर से रवाना हुए। इस दौरान शिविरों में आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। इस दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।
शिवभक्तों की सुविधा के लिए शहर के अंदर मेरठ रोड और बुलंदशहर रोड को वन वे किया हुआ है। इसके साथ गाजियाबाद से मेरठ जाने वाले ट्रैफिक को बाईपास से निकाला जा रहा है। शहर के अंदर जाने वाले गैर जरूरी वाहनों को भी बाहर से निकाला जा रहा है। सभी कटों पर बैरिकेडिंग के कारण लोग परेशान दिखाई दिए। लोग कई किलोमीटर का चक्कर काटकर अपने गंतव्य तक पहुंचे। जिला यातायात प्रभारी छविराम ने बताया कि लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। जरूरी सामान की आपूर्ति होती रहे, ऐसे वाहनों को पास के साथ संचालित किया जा रहा है।