संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गोपीपुरा निवासी एक महिला के खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए गए। बेटे की फीस जमा करने के लिए बैंक से पैसे निकालने पहुंची पीड़िता को पासबुक में एंट्री के दौरान इसकी जानकारी हुई। पीड़िता ने बताया उसने सिर्फ बैंक में ही एटीएम का पासवर्ड जनरेट कराया था। इस मामले में पीड़िता ने एसपी से शिकायत की है।
गोपीपुरा निवासी ज्योति सेठी ने बताया कि उसका खाता बुलंदशहर रोड स्थित बैंक में है। बेटे की पढ़ाई के लिए पैसों की जरूरत थी, दो मई को बैंक पहुंची। पासबुक में एंट्री कराई तो एक लाख रुपये गायब मिले। बैंक में जानकारी करने पर पता चला कि किसी यूपीआई आईडी के जरिए 19 जनवरी को खाते से पैसे निकाले गए हैं।
पीड़िता ने बताया कि बैंक में ही उसने अपने एटीएम का पिन जनरेट किया था, यहां बैठे कर्मचारियों ने फोन आने पर आठ नंबर का बटन दबाने के लिए बोला था। सिर्फ उसने इतना ही किया था, पैसे कटने की कोई जानकारी उसे नहीं है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस तरह खाते से पैसा निकल जाना, बैंक अधिकारियों की मिलीभगत को दर्शाता है। पीड़िता ने एसपी से शिकायत कर, पैसे वापस दिलाने की मांग उठाई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पांडेय ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी। साइबर सेल इस तरह के मामलों का खुलासा कर रहा है।