आंधी-बारिश में गढ़ न्यायालय परिसर में गिरा पुराना पेड़
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़ के गढमुक्तेश्वर में बुधवार को आई तेज आंधी और बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। अचानक बदले मौसम के बीच न्यायालय परिसर में एक पुराना विशाल पेड़ भरभराकर गिर पड़ा। पेड़ गिरते ही न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर मौजूद अधिवक्ता, अधिकारी और कर्मचारी अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। गनीमत रही कि पेड़ की चपेट में कोई नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
अधिवक्ताओं ने बताया कि तेज हवा के चलते पेड़ की जड़ें कमजोर हो गई थीं, जिसके बाद वह अचानक गिर पड़ा। पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए न्यायालय परिसर में कार्य प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची तथा रास्ता साफ कराने का कार्य शुरू कराया।
वहीं दूसरी ओर नक्का कुआं रोड पर भी तेज आंधी का असर देखने को मिला। नगर पालिका द्वारा डिवाइडर पर लगाए गए बिजली के खंभे गिर गए। इसके साथ ही सड़क किनारे खड़ा एक पुराना पेड़ भी धराशायी हो गया। पेड़ गिरने से पास में बने अस्थाई मकानों में रह रहे लोगों में हड़कंप मच गया।