गढ़मुक्तेश्वर। खादर क्षेत्र के गांव शेरा किशना की मंढ़ैय़ा में पुराने मुकदमे की रंजिश में बृहस्पतिवार की शाम दुकान के पास खड़े एक पक्ष के लोगों को दूसरे पक्ष के लोगों ने ट्रैक्टर से कुचल दिया। घटना में वृद्ध प्रीतम (85) की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि दो महिलाओं समेत आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों ने पीड़ित पक्ष पर पथराव भी किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस और पीएसी को तैनात किया गया है।
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार शाम गांव निवासी प्रीतम सिंह, उनके बेटे महेंद्र, मुकेश, पुत्रवधू धनवती और शकुंतला, होतेराम व गांव के ही मोहर सिंह, किरण देवी के साथ अपने घर के पास एक दुकान के बाहर खड़े हुए थे। इसी दौरान गांव का ही रहने वाले ओमपाल, उसका भाई देवेंद्र और चचेरा भाई चमन वहां पहुंच गए।
आरोपियों ने पुराने मुकदमे की रंजिश में उनके साथ गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। उस समय तो ग्रामीणों ने मामला शांत करा दिया, लेकिन कुछ ही देर में आरोपी पक्ष के अरुण, अमन और पवन ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंच गए। आरोप है कि इन लोगों ने वहां खड़े लोगों को ट्रैक्टर से रौंद दिया। घटना में प्रीतम, धनवती, शकुंतला और मुकेश समेत अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं भगदड़ में गिरने से देवेंद्र भी चोटिल हो गया। इसके अलावा आरोपी पक्ष के लोगों ने घायलों के घरों पर जमकर पथराव भी किया। दिवाली के मौके पर गांव में दहशत फैल गई और लोग घरों में कैद हो गए। सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभालते हुए घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने प्रीतम को मेरठ के लिए रेफर कर दिया। मेरठ के अस्पताल में उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
मृतक के बेटे ने दी तहरीर
मामले में मृतक के बेटे ने तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर गांव के ही ओमपाल, चमन, देवेंद्र, अरुण, अमन और पवन निवासी गांव शहबाजपुर डोर, अमरोहा के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास व बलवे समेत बीएनएस की धारा 191(2), 3(5), 352, 109, 103(1), 351(3) के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही पुलिस-
घटना स्थल पर हत्यारोपी ओमपाल के घर पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। वहां से घटना स्थल कुछ ही दूरी पर हैं। पुलिस ने अब घटना की गहनता से जांच करने के लिए वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को लेकर जांच शुरू कर दी है।
कोट
गांव में हुई घटना के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई हैं। दो लोगों को हिरासत में लिया गया हैं। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और पीएसी बल बल तैनात है। बाकी आरोपियों की तलाश कराई जा रही है।- वरुण मिश्रा, सीओ, गढ़मुक्तेश्वर।
-