बिजली का मीटर अब होगा घर के बाहर
- फोटो : अमर उजाला
हापुड़। बिजली निगम के अफसर और कर्मचारी भी अब मुफ्त में बिजली नहीं फूंक सकेंगे। उनके घरों के अंदर लगे विद्युत मीटर अब बाहर लगाया जायेगा। आम उपभोक्ताओं की तरह उनके मीटर की भी समय-समय पर जांच होगी।
पावर कारपोरेशन के अधिकारी इस बार निगम कर्मियों पर भी शिकंजा कसने की रणनीति बनाई है। कई बार आम उपभोक्ता बिजली निगम कर्मियों पर कम लोड के विद्युत कनेक्शन पर अधिक भार चलाने का आरोप लगाते रहे हैं।
मामले की गंभीरता पर शनिवार को अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने एसडीओ और अवर अभियंताओं को निर्देशित किया है कि निगम कर्मियों के घरों के अंदर लगे मीटर को भी बाहर लगाया जाए। घर का लोड चैक किया जाए, बिजली चोरी कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी। आम उपभोक्ताओं के विद्युत मीटर की समय समय पर जांच होती है, उसी तरह निगम कर्मियों के मीटर की भी जांच की जाए।