अतरपुरा बिजलीघर पर शुक्रवार को प्रदर्शन कर संविदा बिजली कर्मचारियों ने वेतन न मिलने पर 26 से कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पिछले चार माह से उन्हें वेतन नहीं मिल रहा है।
ऐसे में उनके सामने आर्थिक संकट की स्थिति है। बार-बार गुहार लगाने के बाद भी अधिकारी कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं। कर्मचारियों ने अधिशासी अभियंता को ज्ञापन देकर तत्काल वेतन भुगतान की मांग की है।
प्रदर्शनकारी संविदा कर्मियों ने बताया कि वह कड़ी मेहनत से दिन रात शहर, देहात की आपूर्ति बहाल रखने का हर संभव प्रयास करते हैं। पर्याप्त संसाधन नहीं होने पर भी वह जान हथेली पर रखकर काम करते हैं।
इसके बाद भी वेतन के नाम पर उनका खुला शोषण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बीते चार महीने से उन्हें वेतन नहीं मिल रहा है। ऐसे में अब दो वक्त की रोटी का इंतजाम करना भी मुश्किल हो गया है।
इस संबंध में कई बार निगम अफसरों से शिकायत की गई लेकिन कोई राहत नहीं मिली। प्रदर्शनकारी ने इस संबंध में अधिशासी अभियंता को ज्ञापन देकर तत्काल वेतन भुगतान की मांग की है।
जल्द वेतन न मिलने पर कर्मियों ने 26 जुलाई से कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने वालों में अमित कुमार, मनीष, दीपक कुमार, प्रमोद कुमार, सुबोध, कमलकांत, मोहित, नितिन, ब्रजमोहन, सचिन, हरिश्चंद्र, रवि, तुलसी गौतम, राकेश, प्रवीण, प्रमोद आदि मौजूद रहे।
इस संबंध में ठेकेदार से बात की जा रही है। जल्द ही कर्मियों को वेतन दिलवाया जाएगा। चंदन प्रकाश, अधिशासी अभियंता